महाराष्ट्र में प्राचीन समय से एक योद्धा और सैनिक जाति थी जिसे महार कहा जाता था। ये क्षत्रिय वर्ग के थे। महार महाराष्ट्र के किलों की सुरक्षा करने वाले, सीमा की रक्षा करने वाले और हथियारों का इस्तेमाल जानने वाले लड़ाकू लोग थे। इस समाज का एक बहुत बड़ा हिस्सा रक्षा, सैनिक कर्म और किलों व गांवों की पहरेदारी से जुड़ा था। ये वे लोग थे जो खुद को ‘महारथी’ या क्षत्रिय कहते थे और गर्व से महाभारत काल के शूरवीर पांडवों के वंशज मानते थे। (https://en.wikipedia.org/wiki/Mahar)
भाषाविज्ञान और लोक-इतिहास के दृष्टिकोण से ‘महार’ शब्द की व्युत्पत्ति संस्कृत के ‘महारथी’ (रथ पर सवार महायोद्धा) या ‘महा-अरि’ (महान शत्रुओं का नाश करने वाला) से माना जाता है। लोक-मान्यताओं और तर्कों में यह कहा गया कि महार समाज के लोग महाभारत काल के शूरवीर पांडवों के वंशज हैं।
आर वी रसेल और हीरालाल ने महार जातियों में “सबसे अधिक प्रचलित एतिहासिक पहचान” के सम्बन्ध में लिखा है कि महार जातियां खुद को महाभारतकालीन पांडवों के वंशज मानते हैं. उन्होंने लिखा है, “Various opinions and theories have been existing in among the Mahars. The popular one is that Somavanshi trace their descent from the five Pandavas. They claimed to have taken part with Pandavas against the Kauravas in the war of the Mahabharata and subsequently settled in Maharashtra. Cf. R.V. Russell and Hira Lal, op.cit., 132”
The Tribes And Castes Of The Central Provinces Of India Vol IV p. 132-133 में भी वर्णन है कि महार क्षत्रियों ने महाभारत युद्ध में पांडवों कि ओर से भाग लिया था।
शिवाजी महाराज जब विशाल स्वराज्य की स्थापना कर रहे थे तब उन्होंने महारों की शारीरिक क्षमता और वफादारी पर भरोसा कर उन्हें किलों की सुरक्षा (विशेष रूप से ‘तटबंदी’ या बाहरी दीवारों की रक्षा), खुफिया तंत्र और सैन्य अभियानों में शामिल किया। उन्हें हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। यही कारण है कि महाराष्ट्र के लोक-इतिहास (पोवाड़ों) में शिवाजी महाराज की सेना में नायक सिदनाक महार जैसे शूरवीरों का गौरवशाली ज़िक्र मिलता है। 1750-60 के दशक तक महार मराठा सेना का प्रमुख हिस्सा होते थे।
1700 से 1800 ईस्वी के दौरान महाराष्ट्र में महार समुदाय पारंपरिक रूप से ‘साढ़े बारह’ (12½) मुख्य उपजातियों में बंटा हुआ था, और इनका मुख्य व्यवसाय ग्रामीण प्रशासन, सुरक्षा (चौकीदारी), सैन्य सेवा, बुनाई और पारंपरिक ‘बलूतेदारी’ के तहत आने वाले सेवा कार्य थे।
ऐतिहासिक नृविज्ञान (Ethnography) के दस्तावेजों—जैसे आर.ई. एंथोवेन (R.E. Enthoven) की पुस्तक The Tribes and Castes of Bombay और अलेक्जेंडर रॉबर्टसन की The Mahar Folk—के आधार पर उस कालखंड की उपजातियों और उनके कार्यों का अलग-अलग ब्योरा नीचे दिया गया है। ये सभी उपजातियां अंतर्विवाही (Endogamous) थीं, यानी वे अपनी ही उपजाति में विवाह करती थीं। 18वीं सदी में सबसे प्रमुख उपजातियां निम्नलिखित थीं:
1. सोमवंशी: यह संख्या और सामाजिक प्रभाव में सबसे बड़ा समूह था, जो मुख्य रूप से दक्कन (पुणे, सतारा, अहमदनगर आदि) और कोंकण क्षेत्र में फैला था। ये स्वयं को महाभारत के चंद्रवंशी/पांडवों का वंशज मानते थे। डॉ भीमराव रामजी आंबेडकर सोमवंशी महार जाति से ही थे।
2. लाडवान या लाडवंशी: यह समूह ऐतिहासिक ‘लाट प्रदेश’ (दक्षिण गुजरात और उत्तर कोंकण सीमा) से महाराष्ट्र में आकर बसा था।
3. बावने या बावनकुले: यह उपजाति मुख्य रूप से विदर्भ और बेरार के ‘बावन’ परगनों से संबंधित थी।
4. झाडे बावने: विदर्भ के वनांचल (झाड़ी पट्टी) क्षेत्रों में निवास करने वाली महार उपजाति।
5. अंधवंशी और तिलवंशी: दक्कन और खानदेश क्षेत्रों में पाए जाने वाले पारंपरिक समूह।
6. कोसरे: विदर्भ और मध्य प्रांत के हिस्सों में रहने वाली उपजाति।
7. पान या बुनकर महार: वे उप-समूह जो विशेष रूप से कपड़ा बुनने के कार्य से जुड़े थे।
8. अन्य क्षेत्रीय उपजातियां: इसमें बड़के, कडवंशी, गोंडवंशी, अर्धवन और धेड़ (गुजरात सीमा से लगे क्षेत्रों में) आदि शामिल थे। (नोट: ‘अर्धवन’ या मिश्रित वंश के समूहों को मिलाकर ही ‘साढ़े बारह’ की गिनती पूरी होती थी)। (https://en.wikipedia.org/wiki/Mahar)
महारों के उपजातियों और क्षेत्रों के आधार पर प्रमुख कार्यों का ब्योरा
1700 से 1800 ईस्वी के बीच महाराष्ट्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था बलूतेदारी पर टिकी थी, जहाँ प्रत्येक उपजाति और क्षेत्र के महारों के पास निश्चित कर्तव्य और अधिकार (वतन) थे। इनके कार्यों को मुख्य रूप से चार श्रेणियों में बांटा जा सकता है:
1. ग्राम प्रशासन और सुरक्षा (वतनदार महार): सोमवंशी, लाडवान (दक्कन, कोंकण और देश क्षेत्र)। गांव के मुख्य द्वार की रखवाली करना और रात में गश्त लगाना। गांव की ज़मीन और खेतों की सीमाओं का सटीक हिसाब रखना और विवाद होने पर गवाही व निर्णय देना। सरकारी डाक (पत्र) और कर (महसूल/खजाना) को एक गांव से तहसील मुख्यालय तक सुरक्षित पहुँचाना। गांव में आने वाले मराठा या सरकारी अधिकारियों के लिए तंबू लगाना, घोड़े की देखभाल करना और मार्ग दिखाना।
2. सैन्य और किला सुरक्षा (लड़ाकू वर्ग): सोमवंशी और कोंकणी महार (पहाड़ी किले व छावनियां)। 18वीं सदी के पूर्वार्ध तक मराठा किलों की बाहरी दीवारों (तटबंदी) की रक्षा करना और गुप्तचर का काम करना। 1750-60 के बाद पेशवाओं की नीतियों और राज्य की आर्थिक कमजोरी के कारण इस वर्ग के लोग बड़ी संख्या में ईस्ट इंडिया कंपनी की ‘बॉम्बे नेटिव इन्फैंट्री’ में सिपाही के रूप में भर्ती होने लगे।
3. वस्त्र बुनाई और शिल्प (कपड़ा उत्पादक): बावने, कोसरे, पान महार। विदर्भ और मध्य भारत के क्षेत्रों में महारों की कई उपजातियां ग्रामीण कृषि कार्यों के बजाय मुख्य रूप से कपड़ा बुनकर थीं। वे स्थानीय कपास से ग्रामीणों के लिए मोटे सूती कपड़े, खादी, चादरें और धोतियां तैयार करते थे।
4. पारंपरिक ग्रामीण सेवाएं (बलूता कर्तव्य): सभी ग्रामीण महार उपजातियां (विशेषकर अकाल व संकट के समय) गांव की सार्वजनिक दीवारों की मरम्मत करना और ढोल बजाकर सरकारी घोषणाएं करने का काम करते थे।
महारों की कुछ उपजातियाँ श्मशान घाट की व्यवस्था संभालने और गांव में प्राकृतिक रूप से मरने वाले मवेशियों को गांव की सीमा से बाहर ले जाकर चर्मकार/चमार जाति को बेचने का काम करती थी। (नोट: चमड़े को पकाने और जूते बनाने का पेशा महारों का नहीं, बल्कि चर्मकार/चमार जाति का था जो स्वास्थ्य विज्ञान के अनुसार गाँव और शहर के सीमावर्ती हिस्सों या बाहरी हिस्सों मे बसाये जाते थे)।
महार वतन अर्थात महारों का वंशानुगत ज़मीन और 52 पारंपरिक हक
1700 के दशक की शुरुआत (छत्रपति शाहू महाराज के समय) तक इन उपजातियों के पास ‘महार वतन’ (वंशानुगत ज़मीन और 52 पारंपरिक हक) काफी सुरक्षित थे। ’52 वतन अधिकार’ (52 Hakka / Charter of 52 Rights) मध्यकालीन महाराष्ट्र में महार (विशेषकर सोमवंशी महार) समुदाय को प्राप्त वे वंशानुगत सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक विशेषाधिकार (Prerogatives) थे, जो उन्हें गांव की सुरक्षा और सरकारी सेवाएं देने के बदले राज्य की ओर से प्रदान किए गए थे। [1] (https://ambedkarite.in/baluta-system-mahar-watan-servitude/)
ऐतिहासिक दस्तावेजों और मराठी लोक-परंपराओं (जैसे History and Significance of Mahars और बलूतेदारी व्यवस्था का अध्ययन) के आधार पर इन 52 वतन अधिकारों का ऐतिहासिक उल्लेखों के अनुसार, ये अधिकार प्राचीन काल से चले आ रहे थे, लेकिन दक्षिण में मुस्लिम आक्रमणों के दौर मे यह बाधित हो गया।
1475 में दक्कन में भीषण ‘दुर्गादेवी का अकाल’ पड़ा था। उस समय मंगलवेढ़ा के सूबेदार (कमाविसदार) दामाजीपंत (ब्राह्मण) ने भूख से मरती जनता को बचाने के लिए सरकारी गोदाम का अनाज बांट दिया। जब बहमनी का सुल्तान ने उनसे हिसाब मांगा और दंड की बात आई, तो मंगलवेढ़ा के वतनदार चौकीदार विठू महार ने अपनी पैतृक संपत्ति (सोना) सुल्तान के खजाने में जमा कर दामाजीपंत की जान बचाई। सुल्तान ने विठू महार की इस निष्ठा और ईमानदारी से प्रसन्न होकर महार समाज को फिर से ’52 हक्क’ (मुख्य रूप से 20 अधिकारों) का ताम्रपत्र/सनद जारी किया, जिसे बाद में छत्रपति शिवाजी महाराज व अन्य मराठा शासकों और शुरुआती पेशवाओं ने भी मान्यता दी थी । (https://www.scribd.com/document/719997705/11691sidsham)
’52 अधिकारों’ के अंतर्गत आने वाले मुख्य हक्क
अलेक्जेंडर रॉबर्टसन की पुस्तक ‘द महार फोक’ (The Mahar Folk, 1938) और सी.बी. खैरमोडे द्वारा संकलित अमृतनाक सनद की परंपरा में इन अधिकारों का विस्तृत विवरण मिलता है। उन सभी प्रामाणिक ग्रंथों के आधार पर इन अधिकारों को 5 मुख्य श्रेणियों में संकलित किया जा सकता है:
अ . भूमि और कृषि संबंधी अधिकार
1. कर-मुक्त वतन भूमि (इनाम जमीन): गांव की सीमा की रखवाली और सरकारी काम करने के बदले महारों को गांव में वंशानुगत खेती की जमीन (महार वतन) दी जाती थी, जिस पर कोई सरकारी कर (Tax) नहीं लगता था।
2. बलूता (अनाज का पहला हिस्सा): फसल कटने पर खलिहान से प्रत्येक किसान की उपज का एक निश्चित हिस्सा पर महारों का पहला और पारंपरिक हक था।
3. सुगी (फसल कटाई का हक): कटाई के समय खेत से सीधा अनाज लेने का अधिकार।
4. चारा और भूसा (कडबा): किसानों के खलिहान से पशुओं के लिए चारे और भूसे का हिस्सा।
5. उत्सव उपज: खेतों में नई फसल आने पर विशेष भेंट (जैसे गन्ने का रस, गुड़ आदि)।
ब. ग्राम प्रशासन और न्याय संबंधी अधिकार
6. सीमा निर्णय का अधिकार: गांव या खेतों की सीमा (हद्द) को लेकर कोई विवाद होने पर महार की गवाही और निर्णय को ही अंतिम और प्रामाणिक माना जाता था।
7. वेसकर (द्वारपाल) का हक: गांव के मुख्य प्रवेश द्वार की चाबी और सुरक्षा का अधिकार।
8. सरकारी डाक और खजाना: राजस्व को तहसील मुख्यालय तक ले जाने के बदले मिलने वाला यात्रा भत्ता।
9. गांव की चौकीदारी (जागल्या): रात की पहरेदारी के बदले ग्रामीणों से मिलने वाला मासिक अनाज या शुल्क।
10. खोए हुए मवेशियों का शुल्क: लावारिस या खोए हुए पशुओं को ढूंढकर मालिक को लौटाने पर मिलने वाला इनाम।
स. सामाजिक उत्सव और विवाह संबंधी अधिकार
11. विवाह मंडप शुल्क: गांव में किसी के घर विवाह होने पर मंडप गाड़ने का पारंपरिक शुल्क (सुपारी, नारियल और पैसे)।
12. वधू-वर के वस्त्र (आहेर): विवाह समारोह के बाद दूल्हा-दुल्हन के पारंपरिक वस्त्रों या भेंट का एक हिस्सा।
13. विवाह भोज: गांव में होने वाले बड़े सामूहिक भोज या विवाह समारोह में महार परिवारों के लिए अलग से भोजन और मिठाई का अधिकार।
14. बलि का हिस्सा (मटन/मांस): गांव के ग्राम देवता (जैसे मरीआई या म्हसोबा) के उत्सव पर दी जाने वाली पशु बलि के मांस का विशेष हिस्सा।
15. होली की लकड़ी और भेंट: होली के उत्सव पर गांव के प्रत्येक घर से लकड़ी और पूरनपोली (मिठाई) प्राप्त करने का अधिकार।
16. पोला और दशहरा भेंट: बैलों के त्योहार (पोला) और दशहरे पर ग्रामीणों से मिलने वाला पारंपरिक नजराना।
17. कपड़ा बुनाई शुल्क: गांव के लोगों के लिए मोटा सूती कपड़ा (खादी) बुनने के बदले मिलने वाला पारिश्रमिक।
द. मवेशी और श्मशान संबंधी अधिकार
18. मृत मवेशियों पर एकाधिकार: गांव की सीमा के भीतर प्राकृतिक रूप से मरने वाले सभी पालतू पशुओं की खाल, सींग और हड्डियों को प्राप्त करने और बेचने का कानूनी अधिकार।
19. श्मशान शुल्क (मसानवट): गांव के श्मशान घाट की देखरेख और चिता के लिए स्थान तैयार करने के बदले मिलने वाला शुल्क।
20. मृतक के वस्त्र (कफन/उत्तराधिकार): अंतिम संस्कार के समय मृतक के शरीर पर लिपटे या श्मशान में छोड़े गए वस्त्रों पर अधिकार।
शेष 32 अधिकार विभिन्न क्षेत्रों और रियासतों—जैसे निजामशाही, आदिलशाही और मराठा जागीरों—में स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे करों, जैसे दुकान से एक मुट्ठी अनाज लेना, कुम्हार से मिट्टी के बर्तन लेना, और लुहार से औजार मरम्मत कराना आदि के रूप में बंटे हुए थे, जो एक गांव से दूसरे गांव में बदलते रहते थे।
ऐतिहासिक और नृविज्ञानी (Ethnographic) दस्तावेजों के अनुसार, ये ’52 वतन अधिकार’ किसी एक उपजाति या केवल सोमवंशी महारों तक सीमित नहीं थे, बल्कि ये किसी भी उस महार परिवार को प्राप्त थे जिसके पास गांव की सेवा का अधिकार होता था। हालांकि, चूंकि सोमवंशी महार महाराष्ट्र (विशेषकर दक्कन और कोंकण) में संख्या और प्रभाव में सबसे बड़े थे, इसलिए ’52 हक्क’ का सर्वाधिक दावा और उपयोग सोमवंशी महारों द्वारा ही किया जाता था। इस पूरे क्षेत्र में सोमवंशी महारों की ही बहुलता थी, इसलिए ऐतिहासिक दस्तावेजों में 52 अधिकारों का संबंध सबसे अधिक सोमवंशी महारों से जोड़ा जाता है।
सोमवंशी महार स्वयं को अन्य उपजातियों (जैसे लाडवान, बड़के या अर्धवन) से सामाजिक रूप से श्रेष्ठ मानते थे और वे अन्य उपजातियों के साथ रोटी-बेटी (विवाह) का संबंध नहीं रखते थे। इन 52 अधिकारों ने महारों को गांव के प्रशासन (पाटील और कुलकर्णी के साथ) का एक अनिवार्य और शक्तिशाली स्तंभ बना दिया था। बिना महार वतनदार की सहमति के गांव का राजस्व या सीमा का काम पूरा नहीं होता था।
क्रमशः


